पहलगाम हमले के विरोध में वृंदावन में सफल रहा बंद
AJ डेस्क: कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में सोमवार को वृंदावन पूरी तरह बंद रहा। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रखे। सुबह से ही व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बाइक रैली निकालकर बंद को सफल बनाने की अपील की।

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष आलोक बंसल और चेयरमैन धनेंद्र अग्रवाल बॉबी ने कहा कि देश पर किसी भी प्रकार का हमला हम सभी को आहत करता है। पहलगाम की घटना के विरोध में शहर के व्यापारी और नागरिक एकजुट हैं। बंद के समर्थन में भाजपा, ब्रजवासी पंडा सभा, ब्राह्मण सेवा संघ सहित कई संगठनों ने भाग लिया। सभी ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और देश की एकता को सर्वोपरि बताया।
