पलामू: नक्सली मुठभेड़ में दो जवान शहीद,एक घायल

AJ डेस्क: पलामू जिले में नक्सलियों और पुलिस बल के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। इस मुठभेड़ में पुलिस के दो बहादुर जवान शहीद हो गए, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल जवान को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। शहीद होने वाले जवानों में पलामू एएसपी अभियान का एक बॉडीगार्ड भी शामिल है।

 

पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को लंबे समय से सक्रिय प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के शीर्ष कमांडर शशिकांत गंझू के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश मिला था। शशिकांत गंझू पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है और वह लंबे समय से पलामू व आसपास के इलाकों में नक्सली घटनाओं को अंजाम देता रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, पुलिस बल को गुप्त सूचना मिली थी कि मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव में शशिकांत गंझू मौजूद है। इसी आधार पर सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस बल जब गांव में दाखिल हुआ तो नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। इसी दौरान तीन जवानों को गोलियां लगीं।

 

घायल जवानों को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो जवानों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे जवान का इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »