बिजली संकट : भाजपा ने महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की

AJ डेस्क: स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली बिल और लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में शुक्रवार को धनबाद में भाजपा जिला कमिटी ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पॉलीटेक्निक मोड़ से जुलूस की शक्ल में मिश्रित भवन स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और वहां घेराव कर विरोध जताया।

 

कार्यक्रम का नेतृत्व धनबाद विधायक राज सिन्हा ने किया। जिसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं, जिन पर “बढ़ी हुई बिजली दर वापस लो”, “बिजली दर कम करो” और “बिजली महाप्रबंधक होश में आओ” जैसे नारे लिखे थे। पूरे रास्ते भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

 

घेराव के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से स्मार्ट मीटर से जुड़ी परेशानियों, अनियमित बिजली आपूर्ति और बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्या से अवगत कराया गया।

 

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि बिजली की समस्या से आम जनता काफी परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर और बढ़ी हुई दरों के कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि यह विरोध सिर्फ धनबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के सभी 24 जिलों में भाजपा द्वारा बिजली कार्यालयों का घेराव किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »