केंदुआ बंद से थमा कारोबार, बोकारो मार्ग चालू करने की मांग,विधायक का धरना जारी
AJ डेस्क: केंदुआ में आज व्यापार पूरी तरह ठप नजर आया, जब स्थानीय व्यवसायियों ने धनबाद–बोकारो मुख्य सड़क को जल्द दुरुस्त कर यातायात शुरू कराने की मांग को लेकर स्वेच्छा से अपनी-अपनी दुकानों को बंद रखा। व्यवसायियों का कहना है कि मुख्य मार्ग बंद होने से न सिर्फ आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, बल्कि व्यापार पर भी गहरा असर पड़ा है।
सर्राफा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष पंकज भुवानिया ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंदुआडीह क्षेत्र को ‘डेंजर जोन’ घोषित कर लोगों को जबरन बेलगड़िया शिफ्ट करने की कोशिश की जा रही है, जबकि वहां रोजगार के पर्याप्त साधन मौजूद नहीं हैं।
वहीं पार्षद प्रतिनिधि ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब डीसी लाइन को पहले अग्नि प्रभावित बताकर बंद किया गया था और बाद में दो साल बाद उसे फिर से चालू कर दिया गया, तो आखिर धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग को क्यों नहीं खोला जा सकता? उन्होंने कहा कि हम तमाम केंदुआ वासी इसी सड़क पर अपनी जान दे देंगे, लेकिन न तो सड़क बंद होने देंगे और न ही जबरन बेलगड़िया जाएंगे।
इधर, सड़क को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर विधायक राज सिन्हा का आज तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि यह सब एक साजिश के तहत किया जा रहा है, जिसमें बीसीसीएल और जिला प्रशासन मिलकर इस मुख्य मार्ग को स्थायी रूप से बंद करना चाहते हैं और स्थानीय लोगों को यहां से हटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों की राय लेकर जिला प्रशासन इस मुख्य सड़क को पुनः चालू कराए और यहाँ के प्रभावित लोगों को उनके शर्त पर विस्थापित करे।
गौरतलब है कि करीब 12 दिन पहले सड़क धंसने की घटना के बाद इस मुख्य मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया था, जिसके बाद से वाहनों का परिचालन डायवर्सन रूट से किया जा रहा है।
