धनबाद में दिन दहाड़े युवक पर अंधाधुंध चली गोलियां,बच गई जान
AJ डेस्क: झारखंड के धनबाद में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। हाल ही में शुभम यादव की हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि एक बार फिर दिनदहाड़े गोलीबारी की वारदात सामने आई है।
बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध में शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुरानी रंजिश में किराना सामान लेने जा रहे युवक पर बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक बाल-बाल बच गया, हालांकि एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई।
माथाबांध फुटबॉल ग्राउंड के पास बाइक सवार बदमाश अचानक पहुंचे और रविन्द्र चौहान पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि चार बाइक पर सवार करीब आधा दर्जन युवक हथियार के साथ पहुंचे और लगभग 8 राउंड फायरिंग की।
फायरिंग के दौरान एक गोली रविन्द्र चौहान के पैर को छूते हुए निकल गई। जान बचाने के लिए वह मौके से भागा और किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही बरोरा और बाघमारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से तीन खोखा और एक बाइक को जब्त किया। घायल को इलाज के लिए बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
घायल रविन्द्र चौहान ने बताया कि मैं किराना सामान लेने जा रहा था, तभी आधा दर्जन लोग आए और फायरिंग शुरू कर दी, एक गोली पैर को छूते हुए निकली, पुरानी रंजिश में हमला हुआ है। घायल का आरोप है कि होली के समय हुए मारपीट मामले में दर्ज एफआईआर को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था और इसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया है।
बाघमारा सीएससी के प्रभारी डॉ. श्रीनाथ ने बताया कि एक घायल को लाया गया है, गोली लगने की बात कही है, फिलहाल स्थिति सामान्य है।
धनबाद में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है।
