चिरकुंडा में तीन शातिर चोर गिरफ्तार,जेवरात,नकदी व औजार बरामद

AJ डेस्क: धनबाद के चिरकुण्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन शातिर चोर को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, सिक्के समेत घटना में प्रयुक्त औजार और मोटरसाइकिल बरामद की है।

 

इस संबंध में शनिवार को निरसा एसडीपीओ रजत मणिक बाखला जानकारी देते हुए बताया कि 22 अप्रैल 2026 को लायकडीह डीप कोलियरी स्थित एक बंद क्वार्टर में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था। चोरों ने घर में रखी तीन अलमारियों और उनके लॉकर को तोड़कर उसमें रखे स्वर्ण-रजत आभूषण, नकदी और सिक्के चोरी कर फरार हो गए थे। इस संबंध में गृहस्वामी किशोर कुमार सिंह के आवेदन पर चिरकुण्डा थाना में कांड संख्या 83/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

 

जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से बंद क्वार्टरों की रेकी कर रहे हैं। इसके आधार पर 24/25 अप्रैल की रात पंचेत-चिरकुण्डा सीमावर्ती क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

 

पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान इनके पास से चोरी गए आभूषण, नकदी, सिक्के और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए गए।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफताब अंसारी उर्फ पकडु, सद्दाम अंसारी और नसीम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये गिरोह धनबाद, बोकारो और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में 40 से 50 चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है।

 

पुलिस फिलहाल तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »