18 साल बाद JET परीक्षा का आयोजन,धनबाद में शांतिपूर्वक सम्पन्न

AJ डेस्क: धनबाद सहित पूरे झारखंड में लंबे इंतजार के बाद झारखंड पात्रता परीक्षा यानी JET का आयोजन रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। करीब 18 वर्षों के बाद आयोजित इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। परीक्षा का आयोजन झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा किया गया।

 

 

राज्य के छह जिलों—रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग और देवघर में कुल 435 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

धनबाद जिले में 70 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हुई।

 

परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार व्यापक इंतजाम किए गए थे।

सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक उपस्थिति के साथ-साथ आईरिस वेरिफिकेशन की व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके। इसके अलावा प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी में तैनात रहीं।

 

यह परीक्षा राज्य के विश्वविद्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक बनने की पात्रता तय करने के साथ-साथ पीएचडी में नामांकन के लिए भी अहम मानी जा रही है।

 

परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को संतुलित और अकादमिक स्तर के अनुरूप बताया। साथ ही कहा कि ज्यादातर सवाल रिसर्च बेस्ड थे, जो विश्वविद्यालय स्तर की पढ़ाई से जुड़े थे। छात्रों का कहना है कि लंबे समय बाद हुई इस परीक्षा से उच्च शिक्षा क्षेत्र में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि परीक्षा का स्तर अच्छा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »