चलती ट्रेन में यात्री से सामान झपट भागने वाले चोर को नागरिकों ने दबोचा
AJ डेस्क: धनबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां चलती ट्रेन में चोरी की वारदात के बाद एक चोर को स्थानीय लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। मुंबई से हावड़ा जा रही मुंबई मेल एक्सप्रेस में महिला यात्री का पर्स चोरी कर आरोपी चेन पुलिंग कर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों की सतर्कता से वह बच नहीं सका। फिलहाल आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल के हवाले कर दिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
धनबाद के रांगाटांड़ इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई से हावड़ा जा रही डाउन मुंबई मेल एक्सप्रेस में एक युवक ने महिला यात्री का पर्स और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी के बाद आरोपी ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर ट्रेन को बीच रास्ते में रोक दिया और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। लेकिन उसकी संदिग्ध हरकतों पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से महिला का पर्स और चोरी का अन्य सामान बरामद हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई की और मामले की सूचना रेलवे सुरक्षा बल, धनबाद को दी। सूचना मिलते ही RPF की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसका ससुराल धनबाद के जामाडोबा इलाके में है। फिलहाल RPF आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
