युवक पर ताबड़तोड़ गोली चलाने वाले दो अपराधी हथियार संग गिरफ्तार
AJ डेस्क: धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे बरोरा निवासी रविन्द्र चौहान पर जानलेवा हमला किया गया था। चार बाइक पर सवार करीब आठ युवकों ने माथाबांध ग्राउंड के पास बरोरा-डुमरा मुख्य मार्ग पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी। इस घटना में रविन्द्र चौहान घायल हो गया था, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर बरोरा थाना में गौरव चौहान, अनीश चौहान, पवन यादव, विशाल चौहान, नीरज उर्फ मोटका समेत तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर नामजद आरोपी विशाल चौहान और अनीश चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है।
फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। वहीं, बरोरा फायरिंग मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
