IIT ISM : सुरक्षा कर्मियों की छंटनी के विरोध में धरना,भूख हड़ताल की चेतावनी

AJ डेस्क: – सुरक्षा प्रहरी कर्मचारी संघ के द्वारा सोमवार को धनबाद के जगजीवन नगर स्थित श्रम कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर आक्रोश व्यक्त किया गया। संघ के महामंत्री प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि IIT ISM धनबाद में विगत 20-25 वर्षों से कार्यरत सुरक्षा कर्मियों को पिछले एक वर्ष से परेशान किया जा रहा है। बिना किसी ठोस कारण के उन्हें काम से निकाल दिया गया है। साथ ही, उनसे वर्दी के नाम पर मनमाने तरीके से पैसे लिए गए और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर हटा दिया गया।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा कर्मियों से हर महीने 3 से 4 हजार रुपये की मांग की जाती थी और वर्दी के नाम पर 5 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। जब कर्मियों ने इसका विरोध किया तो न सिर्फ उनके साथ मारपीट की जाने लगी, बल्कि उन्हें टारगेट कर मानशिक रूप से भी परेशान किया गया। संघ के अनुसार, नए ठेकेदार द्वारा साजिश के तहत करीब 110 सुरक्षा कर्मियों को काम से निकाल दिया गया। उनका कहना है कि जिन कर्मियों ने अपने हक के लिए आवाज उठाई और संघ से जुड़े, केवल उन्हीं को हटाया गया, जबकि अन्य को नहीं हटाया गया।

 

प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले IIT-ISM के निदेशक से पत्राचार कर उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद श्रम विभाग में भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इसी के विरोध में कर्मी धरना देने पहुंचे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »