गैंगस्टर प्रिंस का गुर्गा मेजर फिर पुलिस रिमांड पर,पूछताछ में मिली अहम जानकारियां
AJ डेस्क – धनबाद पुलिस वासेपुर गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने में लगातार जुटी हुई है। भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के खास गुर्गे सैफी अब्बास नकवी उर्फ मेजर को एक बार फिर मंगलवार को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे होने की बात सामने आ रही है।
धनबाद थाना में सैफी अब्बास नकवी से पूछताछ जारी है। खुद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव समेत कई डीएसपी थाना पहुंचकर पूछताछ में शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सैफी को आज ही कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा।
इससे पहले भी धनबाद पुलिस सैफी को दो बार, तीन-तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। पश्चिम बंगाल से लाए जाने के बाद पुलिस ने उससे गैंग के पूरे नेटवर्क, फंडिंग और ऑपरेशन के तरीकों को लेकर कई अहम जानकारी हासिल की है।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कुछ सफेदपोश लोगों और कुछ तथाकथित यूट्यूब पत्रकारों के नाम भी सामने आए हैं। आरोप है कि ये लोग प्रिंस खान के धमकी भरे वीडियो को वायरल कर शहर में भय का माहौल बनाने और उसके अपराधों को बढ़ावा देने का काम करते थे।
अब देखना होगा कि सैफी से मिली इन जानकारियों के आधार पर पुलिस आगे किन-किन लोगों पर कार्रवाई करती है और वासेपुर गैंग के पूरे नेटवर्क को किस तरह तोड़ा जाता है।
