तोपचांची गोली कांड:घटना संदिग्ध,छिनतई नहीं कोयला विवाद हो रहा प्रतीत

AJ डेस्क: धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए कथित गोलीकांड मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला सड़क अपराध या छिनतई से अधिक कोयला खनन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने घायल युवक और उसके साथी के बयानों में विरोधाभास मिलने की बात कही है। पुलिस अब मामले की तह तक पहुंचने के लिए दुग्दा क्षेत्र में जांच करने की तैयारी में है।

 

 

सोमवार सुबह करीब 3 बजे तोपचांची थाना क्षेत्र में एक युवक के गोली लगने से घायल होने की सूचना पुलिस को मिली थी। घायल रवि बख्श राय को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने के बाद बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल और अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ की।

 

 

पुलिस के अनुसार घटना में तीन राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें दो गोलियां रवि बख्श राय के दोनों पैरों में लगीं। पूछताछ के दौरान घायल ने दावा किया कि वह अपने मित्र के साथ पल्सर एनएस बाइक से देवघर जा रहा था, तभी तोपचांची बाजार के पास बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर उसकी बाइक लूट ली।

 

 

हालांकि जांच के दौरान घायल रवि बख्श राय और उसके साथी दिवाकर सिंह के बयानों में कई विसंगतियां सामने आई हैं। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के निरीक्षण में न तो खून के निशान मिले और न ही कोई खोखा बरामद हुआ। इससे घटना की पूरी कहानी संदेह के घेरे में आ गई है।

 

 

एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि दुग्दा थाना क्षेत्र में कोयला खनन से जुड़े वर्चस्व विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी। इसके बाद घायल को इलाज के लिए धनबाद लाया गया और घटना को तोपचांची में हुई वारदात के रूप में प्रस्तुत किया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

 

पुलिस अब दुग्दा थाना क्षेत्र जाकर संभावित वास्तविक घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »