सांप काटने से युवक की मौत,पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने के लिए हंगामा

AJ डेस्क: गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुअरपहरी गांव निवासी 20 वर्षीय राजा कुमार की सांप काटने से मौत हो गई। युवक की मौत के बाद धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेमोरियल अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में परिजनों ने शव को बिना पोस्टमार्टम ले जाने की मांग को लेकर हंगामा किया।

 

जानकारी के अनुसार राजा कुमार बीती रात अपने घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने काट लिया। परिजन पहले उसे गिरिडीह सदर अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी रही। चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर किया, लेकिन दोपहर में उसकी मौत हो गई।

 

युवक की मौत के बाद परिजन शव को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ गए। परिजनों का कहना था कि वे झाड़-फूंक के माध्यम से उसका इलाज कराना चाहते हैं। अस्पताल सुरक्षा कर्मियों ने कानूनी प्रक्रिया की बात कहा शव को ले जाने से रोक दिया, जिसके बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।

 

घटना की सूचना मिलने पर सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने परिजनों से लिखित आवेदन लिया। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के साथ ले जाने की अनुमति दे दी। इसके बाद मामला शांत हुआ और परिजन शव को लेकर अपने गांव रवाना हो गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »