JPSC Exam: हेमंत सरकार का बड़ा फैसला, 14वीं जेपीएससी PT समेत 2023-25 की कई परीक्षाएं होंगी रद्द
AJ डेस्क: झारखंड में जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को विधानसभा में बड़ा एलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और जेपीएससी पीटी व जेएसएससी से जुड़े मामलों की जांच कराई जा रही है।
जानें सदन में मुख्यमंत्री ने क्या-क्या कहा?
मुख्यमंत्री ने सदन में घोषणा की कि 14वीं जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा (PT) समेत वर्ष 2023 और 2025 में जेपीएससी द्वारा आयोजित की गई परीक्षाओं को रद्द किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने 11वीं और 13वीं जेपीएससी परीक्षा, एफआरओ, एपीपी तथा टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं की भी जांच कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री के इस एलान के बाद जेएसएससी सीजीएल परीक्षा भी जांच के दायरे में आ गई है। दरअसल, टीडीपीएल ने ही जेएसएससी सीजीएल परीक्षा का आयोजन किया था। ऐसे में सरकार के फैसले को प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच के तौर पर देखा जा रहा है।
विधानसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच सरकार का पक्ष रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में व्यापक सुधार की जरूरत है। सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन और पूरी प्रक्रिया में सुधार को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रही है।
