IIT ISM प्रबंधन के खिलाफ सुरक्षा गार्डों का भिक्षाटन, पैदल मार्च कर जताया विरोध
AJ डेस्क: :- धनबाद के IIT-ISM प्रबंधन के खिलाफ सुरक्षा प्रहरी कर्मचारी संघ ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। संघ के बैनर तले पूर्व सुरक्षा गार्डों ने मंगलवार को भिक्षाटन सह पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन में करीब 110 सुरक्षा कर्मी शामिल हुए। संघ ने प्रबंधन पर कट मनी, पीएफ, वेतन और बोनस में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुरक्षा प्रहरी कर्मचारी संघ के महामंत्री प्रभात कुमार सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा कर्मियों ने IIT-ISM प्रबंधन के खिलाफ भिक्षाटन सह पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन में शामिल कर्मियों का कहना है कि वे पिछले 20 से 25 वर्षों से कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर IIT-ISM में सुरक्षा गार्ड के रूप में सेवा दे रहे थे।
संघ का दावा है कि कोरोना काल के दौरान भी इन कर्मियों ने दिन-रात अपनी सेवाएं दीं, लेकिन अब उन्हें काम से बाहर कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वेतन, बोनस और पीएफ में विसंगतियां हैं और कर्मचारियों के वेतन से कथित तौर पर कटौती की गई है।
संघ के महामंत्री प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि जब कर्मचारियों ने अपनी मेहनत की कमाई से कटौती का विरोध किया तो उन्हें काम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। इसी के विरोध में गले में स्कैनर टांगकर भिक्षाटन किया गया और पैदल मार्च निकाला गया।
प्रदर्शनकारियों ने तंज कसते हुए कहा कि भिक्षाटन से जुटाई गई रकम IIT-ISM प्रबंधन को भेजी जाएगी, ताकि गरीब और मेहनतकश कर्मचारियों द्वारा जुटाए गए पैसे से प्रबंधन का पेट भरा जा सके।
