केंदुआ में फिर बना गोफ, गैस रिसाव से दहशत

AJ डेस्क: केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ 5 नंबर राजपूत बस्ती में एक बार फिर तेज आवाज के साथ गोफ बनने और उससे जहरीली गैस का रिसाव होने से लोगों में दहशत है। राजपूत बस्ती मस्जिद से कुछ दूरी पर लाल बहादुर सिंह के घर के समीप बागान में अचानक गोफ बन गया। घटना की सूचना मिलने पर बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया।

 

गोफ से लगातार गैस का रिसाव होने के कारण आसपास रहने वाले लोग भयभीत हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी भू-धंसान और जहरीली गैस के रिसाव की घटनाएं हो चुकी हैं। करीब पांच माह पूर्व केंदुआडीह थाना के समीप मुख्य सड़क धंस गई थी और सड़क के पास बने गोफ से जहरीली गैस का रिसाव हुआ था। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद किया गया था। इसके बाद वैज्ञानिक जांच के साथ नाइट्रोजन गैस की फिलिंग भी कराई गई थी। अब दोबारा गैस रिसाव की घटना से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

 

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के लोगों के सुरक्षित पुनर्वास की मांग की है। वार्ड 12 के पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा रावत ने कहा कि रैयती और गैर-रैयती जमीन के लिए समान मुआवजा देने की नीति उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग जहरीली गैस और गोफ के खतरे से दूर सुरक्षित स्थान पर जाना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए बीसीसीएल और जिला प्रशासन को लोगों के हित में पुनर्वास नीति बनानी होगी। स्थानीय लोगों ने रैयती जमीन के लिए अधिक मुआवजा देने की भी मांग की है। उनका कहना है कि सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजा मिलने पर वे अपने घर छोड़ने के लिए तैयार हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »