हादसा: बरकाकाना पावर प्लांट में ब्लास्ट,तीन इंजीनियर की मौत

AJ डेस्क: जिले के पतरातू प्रखंड के बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित हेहल की मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड की स्पंज आयरन फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। पावर प्लांट में उत्पादन के दौरान जोरदार ब्लास्ट के बाद आग लग गई। हादसे में तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

मृतकों की पहचान शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी (50), बोकारो निवासी विनीत महतो (25) और गढ़वा निवासी अभिषेक पांडेय (24) के रूप में हुई है। घायल तरुण रजवार, हजारीबाग निवासी हैं। उन्हें द हॉप हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

 

ब्लास्ट के बाद दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

 

कर्मचारियों का आरोप है कि कंट्रोल रूम का एसी करीब एक महीने से खराब था और ओवरहीटिंग की शिकायत पहले से प्रबंधन को दी जा रही थी। कर्मचारियों के मुताबिक, अत्यधिक तापमान के कारण सिस्टम और प्रोटेक्शन व्यवस्था प्रभावित हुई तथा टर्बाइन के ओवरस्पीड होने के बाद ब्लास्ट हुआ।

 

हालांकि, हादसे की वास्तविक तकनीकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर रही है। कर्मचारियों ने निष्पक्ष जांच और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजे की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »