(EXCLUSIVE) सिंह मेंशन की “रागिनी” कल भाजपा में होंगी शामिल!
अरुण कुमार तिवारी…
AJ डेस्क: सिंह मेंशन यानि कोयलांचल का राजनीतिक घराना। झारखण्ड के धनबाद से यू पी के बलिया तक राजनीतिक धमस रखने वाला घराना सिंह मेंशन। सूर्यदेव सिंह और कुंती सिंह की द्वितीय बहू तथा विधायक संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह कल घरेलू जिंदगी से बाहर निकल राजनीति के मैदान में कदम रखने जा रही हैं। सांसद पशुपति नाथ सिंह ने भी इस बात का संभावना व्यक्त किया है।
यूँ तो रागिनी सिंह के भाजपा में शामिल होने की चर्चा पहले से ही हो रही थी। अब एन चुनाव के वक्त उनके भाजपा में शामिल होने की प्रबल संभावना ने कई नए समीकरण को जन्म दे दिया है। सूत्रों ने कहा कि कल मुख्यमंत्री रघुबर दास भाजपा प्रत्याशी का नामांकन दाखिल कराने धनबाद आ रहे हैं, मुख्यमंत्री के उपस्थिति में ही रागिनी सिंह भाजपा में शामिल हो सकती हैं।

भाजपा के विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि पहले रागिनी सिंह के रांची जाकर भाजपा ज्वाइन करना था। रागिनी सिंह के भाजपा में शामिल होने की पूरी योजना मुख्यमंत्री के नॉलेज में बनी थी। लम्बे समय से यह राजनीतिक खिचड़ी पक रहा था। दरअसल, झरिया से भाजपा विधायक के जेल जाने के बाद से ही कई तरह के राजनीतिक समीकरण बन बिगड़ रहे थे। विधायक संजीव सिंह के भाई सिद्धार्थ गौतम परिवार के लिंक (भाजपा पार्टी से अलग होकर) से हटके धनबाद संसदीय सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके। झरिया से भाजपा के ही टिकट पर दो बार विधायक रह चुकीं कुंती सिंह ने भी अपना आशीर्वाद सिद्धार्थ गौतम को दे दिया। धनबाद जेल में बंद विधायक संजीव सिंह ने लोक सभा में भाजपा के प्रत्याशी पी एन सिंह को अपना समर्थन देने की घोषणा कर दी।

कल पी एन सिंह के नामांकन पत्र दाखिल कराने में मुख्यमंत्री के शामिल होने की बात कही जा रही है। यदि मुख्यमंत्री कल धनबाद आ गए तो जिला परिषद मैदान में आयोजित चुनावी सभा में रागिनी सिंह भाजपा में शामिल हो सकती हैं, इसकी प्रबल संभावना है।
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें!
