शह-मात का खेल शुरू: राजनीति के चाचा भतीजा नित्य खेल रहे नए दाव
AJ डेस्क: घुम्मकड़ की पैनी नजर को स्पष्ट नजर आ रहा है कि राजनीति के दो धुरंधर चाचा-भतीजा अजब गजब का खेल शुरू कर चुके हैं। यहां सबसे बुरी स्थिति उनकी हो गयी है जो किसी न किसी समीकरण के कारण दोनों के शुभ चिंतक हैं। दरअसल है क्या कि एक ही मैदान के दो दिग्गज खिलाड़ी आज अलग अलग टीम की कप्तानी सम्भाल चुनावी मैच में विगुल फूंक चुके हैं। कल तक यह दोनों एक ही रणनीति के तहत फिल्डिंग सजाते थे और एक दूसरे का पूरक बन संयुक्त रूप से मैच जीता करते थे। स्थिति परिस्थिति बदल गयी। अब यह आमने-सामने हैं। घुम्मकड़ यहां दोनों के स्थिति के बारे में बेहिचक एक बात बोलेगा कि कल तक दोनों एक दूसरे के पूरक थे। चाचा-भतीजा में से किसी के मन में ऐसा हो कि हम अकेले ही काफी थे तो यह भ्रम पालने वाली बात हो जायेगी।
राजनीतिक चाचा के समर्थक भतीजा के लोगों को टारगेट कर चुनावी प्रचार के दौरान उन्हें जबरन माला तक पहना दे रहे हैं। घुम्मकड़ की पैनी नजर ने देखा कि दूसरे के समर्थक को बगल में बैठाकर वोटर के बीच भ्रम फैलाने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है। घुम्मकड़ ने यह भी पाया कि चाचा के साथ घुमने वाले कुछ युवा कैडर भीतर से भतीजा के क्रेज का दीवाना हैं। अब बात करते हैं कार्यकर्ताओं की, युवा वोटर्स की। हो सकता है आप भी घुम्मकड़ की इन बातों से सहमत भी हों। भाई, चाचा तो चाचा हैं। एक दो नहीं कई चुनाव लड़ने का व्यक्तिगत अनुभव उनके पास है। लेकिन भतीजा को भी कम कैसे आँका जाए। उसने भी कई चुनाव लड़वाये हैं। चुनावी फंडा से वह भी रग रग वाकिफ है।
धनबाद संसदीय क्षेत्र के कम से कम दो विधान सभा क्षेत्र में भतीजा गुट की मजबूत पकड़ है। झरिया के लगभग हर क्षेत्र में कमोवेश भतीजे की गहरी पैठ है। हम बात करते है कार्यकर्ता या पार्टी कैडर की। भतीजा के पारिवारिक सदस्य कल तक इन्हीं कैडरों के साथ चुनाव लड़ते थे। नेतृत्व के चलते भले ही कार्यकर्ता किसी बैनर से बंधे हों लेकिन अधिकांश तो दिल से भतीजा के घराना के साथ हैं। चाचा के साथ घुमने वाले यह कैडर दिल से किधर हैं, यह तय कर पाना अभी आसान नहीं होगा। घुमक्कड़ देख पा रहा है कि चाचा भतीजा ने चुनाव में रोमांच ला दिया है। चौक चौराहे, नुक्कड़ जैसे सार्वजनिक स्थलों पर चाचा भतीजा के बीच जारी आँख मिचौली का रोचक चुनावी खेल दिलचस्प होता जा रहा है।
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें!
