VIDEO- चौथा चरण का चुनाव: 9 राज्यों के 72 सीट पर आज मतदान, झारखण्ड के 3 उग्रवाद क्षेत्र में वोटिंग

AJ डेस्क: लोकसभा चुनाव 2019 के लिए चौथे चरण का मतदान शुरू हो चुका है। चौथे चरण में 9 राज्यों की 72 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। महाराष्ट्र की 17, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की 8, मध्य प्रदेश और ओड़िशा की 6-6, बिहार की 5, झारखंड की 3 और जम्मू-कश्मीर की 1 सीट पर जनता अपना सांसद चुन रही है।

 

 

चौथा चरण एनडीए के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्योंकि लोकसभा चुनाव 2014 में इन 72 में से 56 सीटों पर एनडीए के उम्मीदवार जीते थे। कांग्रेस केवल 2 सीटों पर ही जीत हासिल कर पाई थी। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस और बीजद के खाते में 6-6 सीटें आई थीं। कुछ सीटों पर अन्य विपक्ष दल जीते थे।

 

 

जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, बीजेपी नेता गिरिराज सिंह और फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर जैसे दिग्गज नेताओं की किस्मत का फैसला आज होना है।

 

 

झारखण्ड में सुबह 7 से 4 बजे तक वोटिंग होंगे

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में झारखंड की तीन सीटों पर मतदान हो रहा है। पलामू, चतरा और लोहरदगा सीट पर सुबह सात बजे से 4 बजे तक वोटिंग होगी। तीनों सीटों पर कुल 59 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 24 चतरा में, 19 पलामू और 16 लोहरदगा की दंगल में दांव आजमा रहे हैं।

*

 

देखें वीडियो-

 

 

 

मैदान में ये दिग्गज

चतरा में बीजेपी के सुनील सिंह, कांग्रेस के मनोज यादव और आरजेडी के सुभाष यादव में त्रिकोणीय संघर्ष है। वहीं लोहरदगा में बीजेपी की ओर से केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत में सीधा मुकाबला है। पलामू में भी बीजेपी के बीडी राम और आरजेडी के घूरन राम के बीच आमने-सामने की टक्कर है।

 

 

देखें वीडियो-

 

 

6072 बूथों की व्यवस्था

तीनों सीटों पर वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने 6072 बूथों की व्यवस्था की है। सभी बूथों पर सुरक्षा के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं। चतरा में 1899 बूथों पर कुल 14,22,805 मतदाता वोट करेंगे। इनमें पुरुष 74,85,95 और महिलाएं 67,42,06 हैं। बात लोहरदगा की करें तो यहां 12,27,510 वोटरों के लिए 1747 बूथ बनाये गये हैं। यहां 62,60,98 पुरुष, 60,14,05 महिला और 7 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। पलामू में 2426 बूथों की व्यवस्था की गई है। यहां के कुल 18,76,378 वोटरों में 10,11,239 पुरुष, 8,65,139 महिलाएं शामिल हैं। यहां थर्ड जेंडर वोटर नहीं हैं, जबकि चतरा में इनकी संख्या चार है। तीन सीटों पर कुल मिलाकर 45 लाख 26 हजार 693 मतदाता हैं।

 

 

सुरक्षा बलों की 474 कंपनियों की तैनाती  

तीनों सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए हर बूथ पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किये गये हैं। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को लगाया है। कुल 474 कंपनियों की तैनाती की गई है। इनमें 174 अर्धसैनिक और 300 झारखंड पुलिस की टुकड़ियां हैं। इनके अलावा 4500 होमगार्ड्स के जवानों को भी लगाया गया है।

 

 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल ख्यांगते ने कहा कि रविवार शाम तक सभी बूथों पर मतदान दल पहुंच गये। 2092 बूथों को अतिसंवेदनशील और 2710 केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। 132 बूथों को सुरक्षा के नजरिये से रीलोकेट किया गया है। मतदान के दौरान पांच हेलिकॉप्टर के जरिये एयर मॉनिटरिंग की जाएगी।

 

 

नक्सल प्रभावित इलाके

तीनों सीट नक्सल प्रभावित इलाके हैं। ऐसे में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराना, आयोग और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। तीन दिन पहले ही नक्सलियों ने पलामू में बीजेपी के चुनाव कार्यालय को विस्फोट कर उड़ा दिया था। झारखंड में यह पहला चरण का चुनाव है।

 

 

-बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से सीपीआई प्रत्याशी कन्हैया कुमार मतदान करने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि बेगूसराय को बदनाम करने वाली ताकतों को मुंह की खानी पड़ेगी।

 

 

-यूपी की उन्नाव लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार साक्षी महाराज ने मतदान करने के बाद मीडिया से बात की। साक्षी महाराज ने कहा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचती है। अन्नू टंडन की जमानत जब्त होने वाली है। उन्नाव सीट पर मेरा किसी से मुकाबला नहीं है। मोदी 400 सीटें पार करके संसद पहुंचेंगे तो ये लोग ईवीएम का रोना रोते रहेंगे।

-यूपी की गोरखपुर लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रवि किशन ने महाराष्ट्र के गोरेगांव स्थित पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला है।

 

 

-सलमान खुर्शीद ने कहा है कि फर्रुखाबाद में लड़ाई कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। प्रियंका और राहुल की वजह से बेहतर नतीजे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव आचरण और कार्यशैली का ध्यान रखा है। मोदी जी को जनता ने जिताया है, मोदी जी अपने कहने से नहीं जीते हैं।

-कन्नौज लोकसभा की विधानसभा संख्या 202 में बूथ संख्या-34, 35, 375 में ईवीएम खराब हो गई है। स्थानीय पुलिस पर सपा के बूथ एजेंटों को जबरन रेड कार्ड देने का आरोप लगा है। रविवार को भी सपा के नेताओं को घर में जबरन नजरबंद करने का पुलिस पर आरोप लगा था।

-जानी-मानी एक्ट्रेस रेखा ने बांद्रा में बोलिंग बूथ नंबर 283 पर डाला अपना वोट।

 

 

-कारोबारी अनिल अंबानी ने महाराष्ट्र के कफ परेड इलाके में स्थित जीडी सोमानी स्कूल पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला।

 

 

-केंद्रीय मंत्री और नवादा से सांसद गिरिराज सिंह ने डाला अपना वोट। बेगूसराय लोकसभा सीट से बीजेपी के हैं उम्मीदवार।

 

 

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके मतदाताओं से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने लिखा, “मैं उम्मीद करता हूं कि आज इतनी भारी संख्या में मतदान हो कि अब तक के तीन चरणों में हुई वोटिंग का रिकॉड टूट जाए।”

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »