बिहारी बाबू के बदले स्वर-मैं नहीं, मेरा भाई ही तो जीता
AJ डेस्क: बिहार की पटना साहिब लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के रवि शंकर प्रसाद ने करारी शिकस्त दी है। सिन्हा ने प्रसाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को लोकसभा चुनाव में अप्रत्याशित जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान “उन्होंने पीएम मोदी को अपना दोस्त, शाह को एक रणनीतिकार और प्रसाद को अपना भाई बताया है। शत्रुघ्न ने कहा, मुझे जीत नहीं मिली, लेकिन मेरा भाई जीता। घी तो दाल में ही गिरा।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या उनको BJP छोड़कर कांग्रेस में जाने का मलाल है, तो उन्होंने कहा “बिलकुल भी नहीं। मैं इसे अपनी गलती नहीं मानता। आपने देखा है कि मैंने किन परिस्थितियों में BJP छोड़ी है।”
एक और सवाल में उनसे पूछा गया कि क्या वो BJP में वापस जाएंगे, शत्रुघ्न ने कहा “कल क्या होगा कौन कह सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह उनके स्वभाव में नहीं था।

कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा को BJP के रविशंकर प्रसाद ने 284657 मतों से मात दी। इससे पिछले लोकसभा चुनाव में पटना साहिब सीट से शत्रुघ्न सिन्हा BJP के टिकट पर 265805 मतों से जीते थे। हालांकि, 2019 लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाम लिया था।
बता दें कि उत्तर प्रदेश की लखनऊ सीट पर समाजवादी पार्टी की लोकसभा उम्मीदवार और शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा को भी हार का सामना करना पड़ा है। पूनम के सामने बीजेपी के कद्दावर नेता और गृह मंत्री राजनाथ सिंह थे। राजनाथ सिंह ने पूनम को हरा दिया।
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें!
