वाह धोनी: विरोधी टीम के लिए भी फिल्डिंग सजाया माही ने (देखें वीडियो)

AJ डेस्क: क्‍या क्रिकेट में ऐसी कोई चीज है जो महेंद्र सिंह धोनी नहीं कर सकते? टीम इंडिया के अनुभवी बल्‍लेबाज बिना किसी शक के सर्वकालिक विकेटकीपरों में से एक हैं और वह विश्‍व में अपनी फिनिशिंग क्षमता के कारण मशहूर हैं। उनके द्वारा लगाए गए छक्‍के दूर तक जाते हैं तो विकेटों के बीच तेजी से दौड़ लगाने में धोनी का कोई सानी नहीं है। धोनी में खेल पढ़ने की अद्भुत कला है और वह बोल्‍ड फैसले लेने में हिचकिचाते नहीं हैं।

 

 

अधिकांश मैचों में देखने को मिलता है कि कप्‍तान भले ही विराट कोहली हो, लेकिन फील्डिंग की सजावट धोनी ही कर रहे होते हैं। क्रिकेट फैंस कई बार देख चुके हैं कि टीम इंडिया और आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए धोनी बेहतर फील्डिंग सजाने का काम करते ही हैं, लेकिन ये संभवत: पहला मौका होगा जब उन्‍होंने विरोधी टीम की फील्डिंग भी सजाई।

 

 

टीम इंडिया और बांग्‍लादेश के बीच मंगलवार को 2019 विश्‍व कप का अभ्‍यास मैच खेला जा रहा था। इस मैच का एक वीडियो क्लिक सोशल मीडिया पर सनसनी बन चुका है। वीडियो में दिख रहा है कि धोनी ने गेंदबाज को रोका और फील्‍डर की तरफ इशारा करके बताया कि वह गलत जगह खड़ा है। इसके बाद से थाला धोनी की तारीफों के पुल सोशल मीडिया पर बांधे जा रहे हैं।

 

 

दरअसल, यह किस्‍सा भारतीय पारी के 40वें ओवर का है। सब्‍बीर रहमान गेंदबाजी कर रहे थे और स्‍ट्राइक पर धोनी थे। धोनी ने गेंदबाज को रोका और हाथ से इशारा करके बताया कि शॉर्ट स्‍क्‍वायर लेग का फील्‍डर गलत जगह खड़ा हुआ है। इसके बाद गेंदबाज ने अपने फील्‍डर को सही जगह जाने की बात कही। फैंस धोनी की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं। कुछ लोगों ने कहा कि विश्‍व कप में अब तक की सबसे प्‍यारी चीज ये हुई।

 

देखिए ये वीडियो-

 

माही मार रहा है…

एमएस धोनी मंगलवार को अपने पुराने रंग में नजर आए। उन्‍होंने 73 गेंदों में धुआंधार शतक जमाया और टीम इंडिया को 359/7 के विशाल स्‍कोर तक पहुंचाया। धोनी ने अपनी पारी के दौरान 8 चौके जबकि सात छक्‍के जमाए। इसके अलावा केएल राहुल ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए शतक जमाया। राहुल ने 99 गेंदों में 108 रन बनाए।

 

 

धोनी और राहुल ने 164 रन की साझेदारी की। इसके अलावा कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल ने दमदार प्रदर्शन किया। दोनों ने आपस में 6 विकेट बाटे और बांग्‍लादेशी बल्‍लेबाजों को धूल चटाई। टीम इंडिया अब 5 जून को विश्‍व कप में अपने अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »