महाराष्ट्र : पूर्व पुलिस कमिश्नर ने राज्य के गृह मंत्री पर लगाए गम्भीर आरोप
AJ डेस्क: उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के पास 25 फरवरी को विस्फोटकों से भरे स्कॉर्पियो की बरामदगी और इसके बाद वाहन मालिक मनसुख हिरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में सनसनीखेज आरोप सामने आ रहे हैं। मुंबई पुलिस के कमिश्नर रहे परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर संगीन आरोप लगाए हैं, जिस पर अब उन्होंने जवाब दिया है।
अनिल देशमुख ने ट्वीट कर परमबीर सिंह के आरोपों को सिरे से खारिज किया और कहा कि चूंकि वह मामले में खुद फंस रहे हैं, इसलिए वह उन पर गलत आरोप लगा रहे हैं। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने गलत आरोप लगाए हैं, ताकि खुद को बचा सकें। सच तो यह है कि मुकेश अंबानी और मनसुख हिरेन केस में सचिन वाजे की भूमिका को लेकर जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, इससे मिस्टर सिंह के भी तार जुड़े होने की बात सामने आ रही है।’

क्या हैं आरोप?
यहां उल्लेखनीय है कि मामले में सचिन वाजे को 13 मार्च को गिरफ्तार किया गया तो 17 मार्च को मुंबई पुलिस में कई बड़े बदलाव किए गए, जिसके तहत परमबीर सिंह को होमगार्ड का डीजी बनाया गया, जबकि हेमंत नगराले को मुंबई पुलिस का आयुक्त बनाया गया। पूरे मामले की जांच एनआईए कर रही है। परमबीर सिंह को जब हटाया गया तो शिवसेना ने इसे ‘रूटीन ट्रांसफर’ कहा, लेकिन गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि कुछ गंभीर गलतियां हुईं जिसके बाद उन्हें हटाया गया और अब परमबीर सिंह द्वारा सीएम उद्धव ठाकरे को पत्र लिखे जाने की बात सामने आई है।
‘एक्सटार्शन रैकेट चलाते हैं गृहमंत्री’
सीएम उद्धव ठाकरे को लिखे खत में वो लिखते हैं कि गृहमंत्री अनिल देशमुख वसूली रैकेट चलाते हैं और उसकी जिम्मेदारी सचिन वझे को दी गई थी। सचिन वझे को बॉर, रेस्टोरेंट और दूसके प्रतिष्ठानों से 100 करोड़ रुपये हर महीने वसूली का लक्ष्य दिया गया था। गृहमंत्री के घर पर बैठकें होती थीं जहां पर महत्वपूर्ण मामलों में दखलंदाजी की जाती थी। उनका कहना है कि वसूली के इस काम में पुलिस अधिकारियों की मदद ली जाती थी।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
