साइबर क्राइम : ठगों के गढ़ करमाटांड़ के अपराधियों ने IAS के एकाउंट से उड़ाया 97 लाख
AJ डेस्क: जामताड़ा के करमाटांड़ के साइबर अपराधियों ने अपनी सक्रियता को फिर से बढ़ा दिया है। यहां के साइबर ठग पंजाब के CM की पत्नी, सदी के महा नायक अमिताभ बच्चन सहित कई वरीय अधिकारियों और नेताओं को साइबर ठगी का शिकार बनाने के बाद इस बार साइबर अपराधियों ने राजस्थान के एक वरीय आईएएस अधिकारी के खाते से 97 लाख रुपये उड़ाकर सब को चौंका दिया है।
सीनियर अधिकारी के साथ हुई इस साइबर ठगी की घटना के बाद राजस्थान और संथाल परगना की पुलिस सक्रिय हुई और साइबर पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में छापामारी कर नगद 14 लाख 3 हजार 900 रुपये की बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड में ये रकम अब तक की सबसे बड़ी रकम है, जो बरामद हुई है। इसके अलावा आरोपी के घर से 8 मोबाइल, 18 सिम कार्ड, 4 पासबुक और 4 ATM कार्ड भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, आरोपी फिलहाल फरार है।
राजस्थान में हुए साइबर अपराध की जानकारी देते हुए संथाल परगना के डीआईजी सुदर्शन मंडल ने बताया कि राजस्थान के एक वरीय आईएएस अधिकारी के अकाउंट से करमाटांड़ के एक अपराधी ने 97 लाख रुपये गायब कर दिया। इस कांड की सूचना मिलते ही स्पेशल टीम का गठन कर पिंडारी गांव के कलीम अंसारी के घर पर छापेमारी की, लेकिन कलीम अंसारी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। वहीं उसी गांव में विकास मंडल को अंसारी को भागने में सहायता देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कलीम अंसारी के घर से नकद 14 लाख 3 हजार 900 रुपये बरामद किए गए हैं। DIG ने बताया कि कलीम अंसारी की तलाश जारी है,बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
