झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह दुमका से धनबाद जेल में शिफ्ट, मेंशन में हर्ष का माहौल
AJ डेस्क: शनिवार की शाम से ही सिंह मेंशन के समर्थकों में जश्न का माहौल है। दरअसल मेंशन के युवराज व झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह आज शाम 7 बजे दुमका से धनबाद जेल शिफ्ट कर दिए गए। उन्हें दुमका केंद्रीय कारा से कड़ी सुरक्षा में धनबाद जेल लाया गया। झारखण्ड हाई कोर्ट के आदेश के बाद राज्य सरकार के निर्देश पर जेल आईजी ने शुक्रवार को ही पूर्व विधायक संजीव सिंह को धनबाद जेल शिफ्ट करने का निर्देश जारी कर दिया गया था। जिसके बाद आज शाम करीब 4 बजे उन्हें दुमका से धनबाद जेल के लिए रवाना कर दिया गया था।
ज्ञात हो संजीव सिंह अपने चचेरे भाई व पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या की साजिश रचने के आरोप में 11 अप्रैल 2017 से जेल में बंद हैं। हाईकोर्ट ने 23 जुलाई को संजीव सिंह की याचिका की सुनवाई करते हुए 14 दिन के अंदर उन्हें वापस धनबाद जेल लाने का आदेश दिया था।
धनबाद के तत्कालीन डीसी और एसएसपी के आदेश पर संजीव सिंह को 22 फरवरी को धनबाद से दुमका जेल भेजा गया था। डीसी और एसएसपी की संयुक्त रिपोर्ट में धनबाद जेल में संजीव सिंह को दुर्दांत अपराधियों से खतरा बताया गया था। छह महीने बाद फिर से संजीव सिंह वापस धनबाद जेल लाए गए है। संजीव को उसी सेल में रखे जाने की बात कही जा रही है जहां वे पूर्व में बंद थे। उनके धनबाद आने से पूर्व ही जेल की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई थी। यह दूसरा मौका है जब हाईकोर्ट के आदेश पर संजीव सिंह को वापस धनबाद लाया गया है। इससे पहले 2017 में भी जेल आईजी के आदेश पर संजीव सिंह को रांची होटवार जेल भेज दिया गया था।
