निरसा: बकरी चरा रही महिला बज्रपात की चपेट में आई,मौत
AJ डेस्क: धनबाद में शुक्रवार को दोपहर बाद अचानक बदले मौसम ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। निरसा थाना क्षेत्र के झिरका गांव स्थित बेकुप्पा पंचायत में बज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृत महिला की पहचान 46 वर्षीय चायना मोदी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतका के पुत्र मुकेश मोदी ने बताया कि उनकी माँ घर मे अकेली थी और वह गांव के पास बकरी चरा रही थी। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और आसमान में काले बादल छा गए। देखते ही देखते तेज गर्जना के साथ बज्रपात हुई, जिसकी चपेट में आकर चायना मोदी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच पहुंचाया।
लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं।
