सदर अस्पताल में हेल्थ एटीएम की शुरुआत, 15 मिनट में 45 जांचें।
AJ डेस्क: धनबाद सदर अस्पताल अब मरीजों को तेज और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा चुका है। अब अस्पताल में महज 10 से 15 मिनट के भीतर 45 से ज्यादा स्वास्थ्य जांचें संभव होंगी। खास बात यह है कि मरीजों को जांच की प्रिंटेड रिपोर्ट हाथों-हाथ मिलेगी, साथ ही रिपोर्ट उनके मोबाइल पर भी भेजी जाएगी।
हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड यानी हर्ल ने अपने सीएसआर के तहत ‘आरोग्य मित्रा’ प्रोजेक्ट के माध्यम से धनबाद सदर अस्पताल को एक हेल्थ एटीएम और पोर्टेबल ईसीजी मशीन उपलब्ध कराई है।
यह हेल्थ एटीएम ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बॉडी मास इंडेक्स, हीमोग्लोबिन, कोलेस्ट्रॉल, ऑक्सीजन लेवल समेत 45 तरह की बुनियादी जांचें कुछ ही मिनटों में करने में सक्षम है।
Byte:- अमित चौधरी – सीनियर प्रोग्राम ऑफिसर, आरोग्य मित्रा प्रोजेक्ट।
आरोग्य मित्रा प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास रहने वाले गरीब और वंचित लोगों तक त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।
हर्ल की ओर से इससे पहले जोरापोखर सीएचसी, चासनाला और सिंदरी में भी हेल्थ एटीएम स्थापित किए जा चुके हैं।
तकनीशियन आशुतोष भारद्वाज ने बताया कि मशीन के टच स्क्रीन पर मरीज को अपना मोबाइल नंबर और जरूरी जानकारी दर्ज करनी होती है। इसके बाद स्क्रीन पर दिए निर्देशों का पालन कर मरीज खुद या तकनीशियन की मदद से जांच पूरी कर सकता है।
कुछ ही मिनटों में रिपोर्ट तैयार होकर प्रिंट भी हो जाती है और मोबाइल पर डिजिटल कॉपी भी भेज दी जाती है।
जहां पहले मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए घंटों या कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब यह सुविधा चंद मिनटों में उपलब्ध हो रही है।
