कांटापहाड़ी में भूधसान से दहशत, सड़क जाम कर पुनर्वास की मांग

AJ डेस्क: धनबाद के अग्निप्रभावित और डेंजर जोन क्षेत्रों में भूधसान की घटनाएं लगातार लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। टांडाबाड़ी बस्ती त्रासदी के बाद अब अंगारपथरा ओपी क्षेत्र के कांटापहाड़ी बस्ती में तेज आवाज के साथ भूधसान होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। घटना में एक घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया है, जबकि कई घरों और सड़क में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। भयभीत ग्रामीणों ने बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धनबाद-कतरास मुख्य मार्ग को जाम कर मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की मांग की।

 

अंगारपथरा ओपी क्षेत्र के कांटापहाड़ी बस्ती में गुरुवार की देर रात अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई और देखते ही देखते जमीन धंसने लगी। भूधसान की इस घटना में एक घर पूरी तरह जमींदोज हो गया, जबकि आसपास के कई घरों में दरारें पड़ गईं। सड़क भी जगह-जगह फट गई, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों का कहना है कि बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा लगातार की जा रही हैवी ब्लास्टिंग के कारण जमीन कमजोर हो चुकी है। लोगों को आशंका है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो यहां भी टांडाबाड़ी बस्ती जैसी बड़ी त्रासदी हो सकती है।

 

वहीं, घटना से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को धनबाद-कतरास मुख्य मार्ग को जाम कर बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोग प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित पुनर्वास, उचित मुआवजा और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस, CISF और बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने जाम हटाया।

 

 

स्थानीय पार्षद छोटू सिंह ने कहा कि बीसीसीएल को सबसे पहले प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाना चाहिए, उसके बाद मुआवजा प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बीसीसीएल इस मामले को गंभीरता से नहीं लेती है तो खदानों का काम ठप कराया जाएगा।

 

वहीं ग्रामीणों का कहना है कि वे हर पल डर के साये में जी रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि जमीन में लगातार कंपन महसूस हो रहा है और रात में लोग भय के कारण ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »