आउट सोर्सिंग में हो रहे ब्लास्टिंग से घरों में पड़ रही दरारें,थाना का घेराव

AJ डेस्क: धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में चल रहे देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आउटसोर्सिंग कंपनी की मनमानी और लगातार हो रही ब्लास्टिंग से इलाके के घरों में दरारें पड़ रही हैं और लोगों में दहशत का माहौल है। विरोध कर रहे युवा समाजसेवी सह दलित नेता मुकेश भुईयां को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को धनसार थाना का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।

 

धनसार थाना क्षेत्र स्थित चांदमारी कोलियरी दुर्गा मंदिर के पीछे संचालित देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि माइनिंग कंपनी द्वारा लगातार ब्लास्टिंग और डस्टिंग किए जाने से आसपास के घरों में दरारें पड़ने लगी हैं। इसके साथ ही पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने पहले बाउंड्री के बाहर खुदाई नहीं करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब रात के समय बाउंड्री वॉल तोड़कर आगे भी खुदाई की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर आवाज उठा रहे युवा समाजसेवी सह दलित नेता मुकेश भुईयां को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए थाना बुलाए जाने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

 

बड़ी संख्या में ग्रामीण धनसार थाना पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रशासन से आउटसोर्सिंग कंपनी की मनमानी पर रोक लगाने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

 

फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है, वहीं ग्रामीण प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »