22 साल तक पहाड़ काटने वाले दशरथ मांझी के परिवार की आज कैसी है जिंदगी?
AJ डेस्क: प्रेम, संघर्ष और अटूट जिद की मिसाल बन चुके पर्वत पुरुष दशरथ मांझी को दुनिया उस शख्स के रूप में जानती है, जिसने अकेले दम पर 22 वर्षों तक छेनी और हथौड़े से पहाड़ काटकर रास्ता बना दिया। उनके इस अद्भुत संघर्ष ने हजारों लोगों की जिंदगी आसान कर दी। लेकिन 17 अगस्त 2007 को उनके निधन के 19 साल बाद आज भी एक सवाल लोगों के मन में है कि जिस व्यक्ति ने पूरे समाज के लिए रास्ता बनाया, उसके अपने परिवार की जिंदगी कितनी बदली?
दशरथ मांझी की कहानी धीरे-धीरे पूरे देश और दुनिया तक पहुंची। उनके जीवन पर बनी फिल्म मांझी: द माउंटेन मैन ने करोड़ों लोगों तक उनका संघर्ष पहुंचाया। बिहार सरकार ने उन्हें सम्मानित किया और भारत सरकार ने उनके सम्मान में डाक टिकट भी जारी किया।
निधन के बाद परिवार को मिला सहयोग
मांझी के निधन के बाद परिवार को कई स्तरों पर मदद मिली। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी पोती के पति को स्वास्थ्य केंद्र में नौकरी दिलाई। राहुल गांधी ने जर्जर झोपड़ी की जगह पक्का मकान बनवाने में सहयोग किया, जबकि अभिनेता आमिर खान ने गहलौर पहुंचकर आर्थिक सहायता दी।
गहलौर बने राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल’
परिवार का कहना है कि व्यक्तिगत सहायता जरूर मिली, लेकिन गहलौर गांव का समग्र विकास अब भी अधूरा है। वे चाहते हैं कि इस गांव को राष्ट्रीय पर्यटन और प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाए, ताकि नई पीढ़ी दशरथ मांझी के संघर्ष से प्रेरणा ले सके।
