तेज बारिश से जय प्रकाश नगर में मकान की दीवार भरभराकर गिरी, कई दोपहिया वाहन दबे

AJ डेस्क: धनबाद में तेज बारिश के कारण जय प्रकाश नगर में एक मकान की कमजोर हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से उसके पास खड़ी कई मोटरसाइकिल समेत अन्य दोपहिया वाहन मलबे में दब गए। हादसे के वक्त आसपास लोगों की आवाजाही थी, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी। घटना के बाद स्कूल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर मलबा हटाया और रास्ते को आवागमन के लिए चालू कराया।

 

तस्वीरें धनबाद के जय प्रकाश नगर की हैं, जहां मंगलवार को तेज बारिश के दौरान एक मकान की भीगी हुई दीवार अचानक गिर गई। दीवार के पास खड़े कई दोपहिया वाहन मलबे की चपेट में आ गए और मिट्टी, ईंट-पत्थर के नीचे दब गए।

 

प्रत्यक्षदर्शी विकास साव के मुताबिक, वह घटनास्थल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक कमजोर दीवार भरभराकर गिर पड़ी। जिस रास्ते पर यह हादसा हुआ, उसका इस्तेमाल स्थानीय लोग शॉर्टकट के तौर पर करते हैं। डीनोबली स्कूल जाने वाले बच्चे, उनके अभिभावक और स्थानीय नागरिक भी अक्सर इसी रास्ते से गुजरते हैं।

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल के गार्ड और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरे मलबे और मिट्टी को हटाने का काम शुरू किया गया। मलबा हटाने के दौरान कई दोपहिया वाहन उसके नीचे दबे मिले, जिनमें कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।

 

हालांकि, हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते मलबा हटाकर रास्ते को साफ कर दिया गया, जिसके बाद एक बार फिर यहां से लोगों का आवागमन शुरू हो गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »