छाताबाद भूधसान पर सियासत तेज, अनूप सिंह और ढुलू महतो के बीच जुबानी जंग

AJ डेस्क: धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद में हुई भूधसान की घटना अब पूरी तरह सियासी रंग ले चुकी है। घटना के 13 दिन बाद भी प्रभावित लोगों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है और मुआवजा, पुनर्वास तथा डेंजर जोन चिह्नित करने की मांग पर अब तक सहमति नहीं बन सकी है। इधर, इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस विधायक अनूप सिंह और धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। दोनों नेता एक-दूसरे पर कोयला चोरी सहित गंभीर आरोप लगा रहे हैं, वहीं उनके समर्थक सोशल मीडिया पर रील और पोस्टर के जरिए एक-दूसरे पर हमला बोल रहे हैं।

 

छाताबाद में 7 अगस्त को हुए बड़े भूधसान में करीब 20 घर जमींदोज हो गए थे, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। घटना के बाद आसपास के दर्जनों घर भी खतरे की जद में आ गए हैं। इलाके के लोग अब भी दहशत में हैं।

 

भूधसान के विरोध में प्रभावित परिवार एसटीजी आउटसोर्सिंग परिसर में ‘आशियाना आंदोलन’ के तहत अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। उनकी मांग है कि प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए, सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास किया जाए और पूरे इलाके में डेंजर जोन को चिह्नित कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

 

घटना के बाद कांग्रेस और झामुमो नेताओं ने छाताबाद पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात की। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, बेरमो विधायक अनूप सिंह, मंत्री हफीजुल हसन और विधायक मथुरा महतो समेत कई नेताओं ने आंदोलन को समर्थन दिया और प्रभावितों की मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया।

 

हालांकि, धरना जारी रहने के बावजूद अब तक मुआवजा और पुनर्वास के मुद्दे पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। त्रिपक्षीय वार्ता में भी प्रभावित लोगों की मांगों पर सहमति नहीं बनने की बात सामने आ रही है।

 

इस बीच छाताबाद भूधसान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने घटना और क्षेत्र में हो रहे अन्य भूधसान के लिए भाजपा सांसद ढुलू महतो पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अनूप सिंह का आरोप है कि कोयला चोरी और अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने का परिणाम इलाके में भूधसान के रूप में सामने आ रहा है।

 

 

 

वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी प्रभावित लोगों के समर्थन में सरकार की ओर से मदद और मुआवजा दिलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र के लोगों ने किसे वोट दिया, इसके आधार पर विकास और राहत कार्य नहीं रोके जा सकते।

 

 

दूसरी ओर धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो ने कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर पलटवार किया है। सांसद ने कहा कि छाताबाद भूधसान की घटना के बाद कई राजनीतिक लोग एकजुट होकर उनके खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने बेरमो क्षेत्र में कथित अवैध कोयला खनन और अन्य मामलों की जांच सीबीआई, ईडी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग की।

 

 

 

नेताओं की इस जुबानी जंग का असर अब सोशल मीडिया पर भी दिखाई दे रहा है। विधायक अनूप सिंह के समर्थक सांसद ढुलू महतो को लेकर रील और पोस्ट साझा कर रहे हैं, जबकि सांसद ढुलू महतो के समर्थक भी अनूप सिंह को निशाने पर लेते हुए पोस्टर और सोशल मीडिया सामग्री

जारी कर रहे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »