पाथरडीह कोल वाशरी में वेल्डिंग मशीन फटी, तीन मजदूर घायल

AJ डेस्क: धनबाद के झरिया स्थित पाथरडीह कोल वाशरी में गुरुवार को काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। वेल्डिंग मशीन अचानक फटने से तीन मजदूर घायल हो गए, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दोनों गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया है। हादसे के बाद मजदूर नेता ने ठेका कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

 

जानकारी के अनुसार, पाथरडीह कोल वाशरी में एसीबी कंपनी के पेटी ठेकेदार आरके कंस्ट्रक्शन की ओर से बीसीसीएल के निर्माण कार्य से संबंधित काम कराया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग का काम करते समय अचानक मशीन फट गई।

 

मशीन के विस्फोट की चपेट में आने से तीन मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद वाशरी परिसर में अफरातफरी मच गई। स्थानीय मजदूरों और कंपनी के अधिकारियों ने आनन-फानन में सभी घायलों को चासनाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

 

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक मिस्त्री और एक हेल्पर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया। वहीं तीसरे घायल मजदूर का इलाज चासनाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

 

घटना के बाद मजदूर नेता नीताई महतो ने ठेका कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर मशीनों का उचित मेंटेनेंस नहीं किया जाता और मजदूरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं हैं। उन्होंने हादसे की जांच कराने और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

वहीं हादसे के बाद मजदूरों में भी आक्रोश देखा गया। मजदूरों का कहना है कि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और मशीनों की नियमित जांच बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »