प्याज की कीमतों में उछाल के पीछे कौन? शिवराज सिंह चौहान ने बिचौलियों को ठहराया जिम्मेदार
AJ डेस्क: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्याज की बढ़ती कीमतों के लिए बिचौलियों को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को उचित लाभ मिले और ग्राहकों पर ऊंची कीमतों का असर न पड़े। राष्ट्रीय राजधानी में प्याज की कीमतें 60 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंचने के बीच सरकार ने बफर स्टॉक जारी किया है। वहीं चौहान ने कृषि बाजार व्यवस्था में बिचौलियों की भूमिका की आलोचना की है।
मंत्री ने याद दिलाया कि कुछ महीने पहले केंद्र सरकार को दखल देना पड़ा था और महाराष्ट्र में किसानों से प्याज खरीदना पड़ा था क्योंकि कीमतें गिरकर 7-8 रुपये प्रति किलोग्राम तक आ गई थीं, जो उत्पादन लागत को पूरा करने के लिए काफी नहीं थीं। अब, किसानों के पास प्याज नहीं है क्योंकि उन्होंने अपना स्टॉक बेच दिया है और खुदरा कीमतें 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं।
चौहान ने राजधानी में एक उद्योग कार्यक्रम में कहा, ‘क्या किसानों को उनकी मेहनत का पूरा दाम मिलता है? क्या बिचौलियों को इतना मुनाफा कमाने का हक है? सरकार इस पर कार्रवाई कर रही है।’ मंत्री ने उद्योग से एक ऐसी व्यवस्था बनाने में मदद मांगी जिससे यह पक्का हो सके कि किसानों को मुनाफा मिले और ग्राहकों को भी ज्यादा कीमत न चुकानी पड़े। चौहान ने कहा, ‘हमें कुछ करने की जरूरत है।’ उन्होंने बताया कि ऐसी व्यवस्था बनाने के लिए एक टीम भी बनाई गई है। मंत्री ने कृषि मूल्य श्रृंखला में किसानों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
