निरसा में भीषण डकैती : नकाबपोश डकैतों ने गृह स्वामी को बंधक बना 15 लाख की सम्पत्ति लूटा
AJ डेस्क: 20 से 25 साल के 5 नकाबपोश अपराधियों ने देर रात भीषण डकैती कांड को अंजाम दिया है। आग्नेयास्त्र से लैस होकर घर मे घुसे डकैतों ने न सिर्फ गृहस्वामी को मारापीटा, बल्कि उनका हाथपांव बांध कर घर मे रखे नगदी समेत करीब 15 लाख की संपत्ति पर हाथ फेर दिया। मामला धनबाद के निरसा स्थित गलफरबाड़ी मोड़ का है।
घटना के संबंध में पीड़ित गृहस्वामी राशिद अनवर उर्फ लाला जो पेशे से एक कपड़ा व्यवसायी है, उन्होंने बताया कि रविवार की रात करीब दो से ढाई बजे के बीच घर के रसोई की खिड़की को तोड़ पांच की संख्या में नकाबपोश अपराधी घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद अपराधियों ने सीधे उनके कमरे के दरवाजे को खटखटाया किया। शक होने पर जब उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा खोलने से परहेज किया तो अपराधियों ने उनके कमरे का दरवाजा ही तोड़ दिया। इसके बाद अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और उनका हाथपांव बांध दिया। इस दौरान घर के बाकी सदस्यों उनकी पत्नी, दो बच्चों और उनकी बुआ को भी बंदूक के दम पर बंधक बना लिया।

इसके बाद अपराधियों ने घर मे भीषण डकैती कांड को अंजाम देते हुए घर मे रखे करीब 7 लाख रुपये नगद और करीब 8 लाख के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी उसी किचन के खिड़की के रास्ते आसानी से फरार हो गए।
अपराधियों ने घर के किचन में प्रवेश करने के लिए जमीन से खिड़की तक एक सीढ़ी लगाया था। साथ ही अपराधियों ने घटना को अंजाम देने से पूर्व घर के मालिक सहित बाकी लोगों का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में कर लिया था। वहीं सोमवार की अहले सुबह जब पड़ोसियों को कुछ गलत होने का शक हुआ तब उन्होंने इसकी सूचना गलफरबाड़ी ओपी पुलिस को दी।

बताया जा रहा है कि घर के मालिक समेत घर के बाकी सदस्य इस घटना से इतने डरे हुए थे कि उन्होंने अपने आप को घर में कैद कर लिया था। मौके पर पहुंची पुलिस के काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी उन्होंने भय से अपने घर का दरवाजा नही खोला। जब काफी समय के बाद गृहस्वामी को यह पुख्ता विश्वास हो गया कि आवाज लगाने वाला कोई डकैत नही बल्कि पुलिस है तब जाकर उन्होंने घर का दरवाजा खोला।

मौके पर पहुंचे इलाके के दारोगा वशिष्ट नारायण सिंह ने मामले की छानबीन करने के बाद बताया कि इस भीषण डकैती कांड को लेकर अब तक जितने भी तथ्य सामने आए है उससे यही प्रतीत होता है कि इस डकैती कांड को स्थानीय अपराधियों ने ही अंजाम दिया है। जिन्हें इस घर और इस घर के लोगों के बारे में पूरी जानकारी थी। उन्होंने कहा कि इस अपराध को अंजाम देने वाले बच नही पाएंगे। वो जल्द ही पुलिस के गिरफ्त में होंगे।
बहरहाल मार्च महीने की पहली तारीख को ही बेलगाम हो चुके अपराधियों ने इस भीषण डकैती कांड को अंजाम देकर यह जता दिया है कि होली का यह महीना सुरक्षा के मद्देनजर धनबाद वासियों के लिए उचित साबित होने वाला नहीं है।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
