AJ डेस्क: रामगढ़ के पटेल चौक पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई है। महिला और बच्ची समेत 5 लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि चौक के पास ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित वाहन ने 3 कार और 2 बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

 

 

इसमें बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, कार चालक समेत एक और व्यक्ति की मौत हुई है। दुर्घटना में एक कार ट्रेलर के नीचे आ गई। इसे क्रेन की मदद से निकाला गया। अब तक 2 मृतकों की पहचान हो गई है। इसमें एक व्यक्ति रांची के ओरमांझी का रहने वाला विनोद करमाली है। वहीं, कार चालक की पहचान घुटुवा के विजय के रूप में हुई है।

 

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। मरने वाले लोगों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें एक की हालत गंभीर है। दुर्घटना के कारण सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस की टीम यातायात को सामान्य बनाने में जुट गई है। वाहनों को सड़क से हटाने का काम चल रहा है। घटना के बाद आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। लोगों का कहना है कि हादसा पेट्रोल पंप के पास हुआ। अगर अनियंत्रित ट्रेलर पेट्रोल पंप के अंदर प्रवेश कर जाता तो स्थिति और भयावह हो सकती थी।

 

 

 

 

 

 

घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे अनिल महतो ने बताया कि देखते ही देखते सबकुछ बदल गया। ट्रेलर तेज रफ्तार से आया। एक-एक कर वाहनों को अपनी चपेट में लेता चला गया। दो कार चालक थोड़े संभल गए। तीसरे को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। बाइक सवार भी सीधे टक्कर के शिकार हो गए। थोड़ी देर पहले सबकुछ सामान्य दिनों की तरह दिख रहा है। 5 मिनट के अंदर सड़क का पूरा दृश्य बदल गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »